गोवंश देखभाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 26 Sep, 2025
- 181
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों की ऑनलाइन समीक्षा की। मौके पर पहुंचे नोडल अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थलीय तस्वीर जिलाधिकारी को दिखाई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश की संख्या, हरे चारे, साइलेज, भूसा-चोकर की उपलब्धता, पशु चिकित्सकीय सुविधा, केयर टेकर की मौजूदगी सहित सभी इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर न केवल ग्राम्य स्तर के अधिकारी, बल्कि संबंधित बीडीओ, ईओ और नोडल अधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।
उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक गोवंश का विवरण उम्र और अवस्था के अनुसार पंजीकाओं में दर्ज किया जाए। साथ ही बीडीओ/ईओ को एक सप्ताह के भीतर गौशालाओं में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन गोवंश संरक्षण व संवर्द्धन को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने नोडल अधिकारियों को आगे भी आकस्मिक निरीक्षण के लिए सचेत करते हुए कहा कि समय-समय पर इसी प्रकार लाइव मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

